उप्र एटीएस ने जैश-ए-मोहम्मद से संबंध के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया
उप्र एटीएस ने जैश-ए-मोहम्मद से संबंध के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया
मेरठ, 17 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित तौर पर जुड़े 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
एटीएस के अनुसार, आरोपी मदरसे के नाम पर चंदा एकत्र करके पाकिस्तान भेजने की कोशिश कर रहा था।
एटीएस ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद जफर पुत्र मोहम्मद जहीर, निवासी मीरगंज थाना रौटा, जिला पूर्णिया (बिहार) के रूप में हुई है। उसने बताया कि वह पूर्व में मेरठ में रहकर एक मदरसे में पढ़ाई कर चुका है।
एटीएस के मुताबिक, जफर जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर के भाषणों और कथित जिहादी सामग्री से प्रभावित था तथा सोशल मीडिया के जरिए लोगों को हिंसक जिहाद के लिए प्रेरित करने का प्रयास कर रहा था।
एटीएस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि जफर के फोन में पाकिस्तानी संदिग्धों से जुड़े व्हाट्सऐप समूह मिले, जिनमें जिहाद और चंदे को लेकर बातचीत हुई थी। एटीएस के मुताबिक, वह फेसबुक के माध्यम से भी जिहाद और खिलाफत से संबंधित सामग्री साझा करता था।
एटीएस का दावा है कि जफर जैश-ए-मोहम्मद के जिहादी समूह से जुड़कर पाकिस्तानी आकाओं के संपर्क में आया और उसने जिहाद में मदद के लिए धन भेजने की पेशकश की। एटीएस के मुताबिक, पाकिस्तानी आका ने उसे कथित तौर पर पाकिस्तानी खाता उपलब्ध कराया, जिसमें धन भेजने का प्रयास किया गया, हालांकि वह सफल नहीं हुआ।
एटीएस के मुताबिक, बाद में जफर ने बाइनेंस खाता मांगा और अन्य पाकिस्तानी संदिग्धों से संपर्क करके कथित तौर पर कई बार क्रिप्टोकरेंसी के रूप में धन भेजा।
एटीएस के मुताबिक, एटीएस ने आरोपी को 16 अगस्त को गिरफ्तार किया और पूछताछ में आरोपी ने अपने अपराध स्वीकार किए हैं। एटीएस के मुताबिक, आरोपी को नियमानुसार अदालत में पेश करके आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर अमित
अमित

Facebook


