गोंडा, तीन मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में अयोध्या-गोंडा मार्ग पर रविवार को एक अनियंत्रित टैंकर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दंपति और उनके बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नवाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अभय सिंह ने बताया कि बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के गंगापुर माझा निवासी मान सिंह (43) अपनी पत्नी उर्मिला (40) और बेटे लवकुश (13) के साथ बाइक से बहराइच में एक रिश्तेदार की शादी में जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि कनकपुर गांव के पास पीछे से आ रहे अनियंत्रित टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और तीनों लोग सड़क पर गिरने के बाद वाहन की चपेट में आ गए।
अधिकारी ने बताया कि हादसे में उर्मिला और लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल मान सिंह को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
अधिकारी ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र