गोंडा में पेड़ की डाल गिरने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत,

Ads

गोंडा में पेड़ की डाल गिरने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत,

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 09:40 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 09:40 PM IST

गोंडा (उप्र), 27 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर सड़क किनारे लगे पीपल के पेड़ की भारी डाल टूटकर गिरने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हादसा पिपरी गांव के पास दोपहर करीब एक बजे हुआ। उस समय मोटरसाइकिल से गुजर रहे दो युवक अचानक गिरी डाल की चपेट में आ गए।

तरबगंज थाना क्षेत्र के धौरहरा घाट निवासी कांशीराम यादव ने बताया कि उनके बड़े बेटे दुर्गेश यादव की 28 अप्रैल को शादी तय थी। उसी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए छोटा बेटा रिंकू यादव (20) अपने ममेरे भाई अमित यादव (19) के साथ बाइक से दुर्जनपुर घाट जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिपरी गांव के पास सड़क किनारे पीपल की मोटी डाल अचानक टूटकर सड़क पर आ गिरी। उसी दौरान वहां से गुजर रहे मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया।

सूचना पर नवाबगंज और वजीरगंज थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पेड़ की डाल कटवाकर शवों को बाहर निकाला गया और यातायात बहाल कराया गया।

थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

परिजनों के अनुसार, मृतक रिंकू तीन भाइयों में सबसे छोटा था, जबकि अमित अपने परिवार का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां मातम पसर गया। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताया है।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन