उप्र: भाजपा सांसद ने उनके बेटे पर जातिसूचक टिप्पणी करने का एक महिला पर लगाया आरोप

उप्र: भाजपा सांसद ने उनके बेटे पर जातिसूचक टिप्पणी करने का एक महिला पर लगाया आरोप

उप्र: भाजपा सांसद ने उनके बेटे पर जातिसूचक टिप्पणी करने का एक महिला पर लगाया आरोप
Modified Date: May 2, 2026 / 01:07 am IST
Published Date: May 2, 2026 1:07 am IST

शाहजहांपुर, एक मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद अरुण कुमार सागर ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि उनके बेटे पर जातिसूचक टिप्पणियां की गईं और उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया।

हालांकि, मामले में अब तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय से संबंध रखने वाले सांसद अरुण कुमार सागर ने एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि यह घटना 27 अप्रैल की है, जब उनके बड़े बेटे अंकित सागर को साउथ सिटी कॉलोनी निवासी नीतू सिंह ने कथित तौर पर जातिसूचक गाली दी और दुर्व्यवहार किया। इसी कॉलोनी में सांसद भी रहते हैं।

शिकायत दर्ज न कराने के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘मैं पहले ही बता चुका हूं कि मेरे बेटे के साथ क्या हुआ है। जब तक नीतू सिंह गिरफ्तार नहीं होती, मैं शिकायत दर्ज नहीं कराऊंगा।’’

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि सांसद की प्रेस वार्ता की जानकारी उन्हें मिली है, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इस बीच, पुलिस ने शुक्रवार को नीतू सिंह के भाई मुकेश सिंह को गिरफ्तार किया है।

एसपी ने बताया कि मुकेश सिंह को शस्त्र अधिनियम के एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जिसमें वह एक वीडियो में हथियार चलाते हुए दिखाई दिया था।

उन्होंने बताया कि नीतू सिंह भी उसी मामले में आरोपी है और फिलहाल फरार है।

प्रेस वार्ता के दौरान सांसद सागर ने समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेता लखन प्रताप सिंह पर भी आरोप लगाया कि वह सोशल मीडिया के जरिए क्षत्रिय समुदाय को गुमराह कर रहे हैं और घटना को भूमि विवाद से जोड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, “मेरा किसी भूमि विवाद से कोई संबंध नहीं है।”

वहीं, सपा के पूर्व प्रदेश महासचिव लखन प्रताप सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मामला नीतू सिंह और सांसद के बेटे के बीच भूमि विवाद से जुड़ा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर ‘लाइव’ आकर कहा था कि यदि उनके समुदाय के लोगों को इस मामले में अनावश्यक रूप से परेशान किया गया, तो वह विरोध प्रदर्शन करेंगे।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में