उप्र: बलिया में गौ तस्कर ने पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया, प्राथमिकी दर्ज
उप्र: बलिया में गौ तस्कर ने पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया, प्राथमिकी दर्ज
बलिया,19 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक गौ तस्कर ने पुलिसकर्मियों को गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना खेजुरी थाना क्षेत्र में हुई और आरोपी बिहार में गोकशी के लिए गायों को पिकअप वाहन से ले जा रहा था।
खेजुरी थाना प्रभारी लालमणि सरोज ने बताया कि पुलिस ने पिकअप वाहन से बंधी छह गायों को बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में पिकअप वाहन के अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस पशु तस्कर की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब सवा 12 बजे उपनिरीक्षक ऋषिकेश गुप्ता पुलिस टीम के साथ सोनपुरवा से हथौंज बांध के पास वाहनों की जांच कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, तेजी से आ रहे एक वाहन को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने पुलिसकर्मियों को देखकर उन्हें कुचलने का प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने दूर हटकर जान बचाई लेकिन गोवंश से लदा वाहन पुलिस वाहन को टक्कर मारते हुए भागने के प्रयास में बांध से नीचे उतर गया और गड्ढे में फंस गया।
पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी तस्कर को पकड़ने के प्रयास जारी है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


