अखिलेश ने मोदी के जन्मदिन समारोह को लेकर भाजपा पर निशाना साधा
अखिलेश ने मोदी के जन्मदिन समारोह को लेकर भाजपा पर निशाना साधा
लखनऊ, 18 सितंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित समारोहों को लेकर भाजपा पर हमला बोला और पूछा कि क्या पार्टी को उन बाढ़ पीड़ितों के प्रति “रत्ती भर” भी चिंता है, जिनके घर नष्ट हो गए हैं और जो राहत सामग्री की कमी से जूझ रहे हैं।
वाराणसी से वडनगर तक शुरू की गई बाइक रैली का उल्लेख करते हुए अखिलेश ने भाजपा पर तंज भी कसा और पूछा कि क्या “बाइक विदेशी मुद्रा से खरीदे गए तेल को बर्बाद नहीं करेंगी”।
उन्होंने इसकी प्रधानमंत्री की पहले की उस अपील से तुलना की, जिसमें लोगों से खाना पकाने के तेल का उपयोग कम करने और ईंधन बचाने को कहा गया था।
अखिलेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “भला क्या जलाये कोई दीया, जब पानी में डूब गया है दीप।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार से पूरी तरह निराश हो चुकी जनता, इस बात से बेहद ख़फ़ा-नाराज़ है कि जब लोगों के घर उजड़ गए हैं, हर तरह तकलीफ़ ही तकलीफ़ है, न राहत सामग्री है न कोई पूछने वाला फिर ऐसे में भाजपा उत्सव मनाने का निंदनीय कृत्य कैसे कर रही है। भाजपा को क्या आम जनता, ग़रीबों, शोषितों, वंचितों और बाढ़-पीड़ितों का रत्ती भर भी ख़्याल नहीं है।”
इससे पहले शुक्रवार को, अखिलेश ने मोदी के जन्मदिन के मौके पर गुरुवार शाम आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश के एक ज़िलाधिकारी के घर पर दीये जलाने को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा था।
उन्होंने पोस्ट में कहा, ”अब तक भाजपा राजनीति का अपराधीकरण कर रही थी, अब भाजपा राजनीति का ‘अधिकारीकरण’ कर रही है।’’
भाषा जफर शोभना नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


