उप्र : इलाज के दौरान दलित छात्रा से दुष्कर्म, उपमुख्यमंत्री पाठक का अस्पताल सील करने का निर्देश

उप्र : इलाज के दौरान दलित छात्रा से दुष्कर्म, उपमुख्यमंत्री पाठक का अस्पताल सील करने का निर्देश

उप्र : इलाज के दौरान दलित छात्रा से दुष्कर्म, उपमुख्यमंत्री पाठक का अस्पताल सील करने का निर्देश
Modified Date: May 22, 2026 / 10:22 pm IST
Published Date: May 22, 2026 10:22 pm IST

लखनऊ, 22 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक निजी अस्पताल के डॉक्टर पर एक दलित छात्रा ने उपचार के दौरान बेहोशी का इंजेक्शन देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उसने बताय कि आरोपी चिकित्सक को हिरासत में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल को सील करने और आरोपी डॉक्टर विजय गिरी का मेडिकल लाइसेंस तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने बताया कि छात्रा को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते 18 मई को यहां बीकेटी क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उसने बताया कि आरोप है कि उपचार के दौरान डॉक्टर उसको ऑपरेशन थिएटर में ले गया और वहां मौजूद महिला कर्मचारियों एवं छात्रा के पिता को बाहर भेज दिया।

छात्रा के हवाले से पुलिस ने कहा कि इसके बाद डॉक्टर ने उसे नशीला इंजेक्शन दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।

पुलिस के मुताबिक होश आने पर छात्रा को अपने साथ कथित दुष्कर्म का एहसास हुआ, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) ट्विंकल जैन ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया है तथा कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए उपमुख्यमंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बख्शी का तालाब स्थित तेजस अस्पताल को सील करने और आरोपी डॉक्टर विजय गिरी का मेडिकल लाइसेंस तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने “एक्स” पर पोस्ट किया किया लखनऊ के बक्शी का तालाब (इंदौराबाग) स्थित तेजस हॉस्पिटल में 12वीं की छात्रा से दुष्कर्म के प्रकरण में उक्त अस्पताल को सील करने एवं अस्पताल संचालक आरोपी डॉ० विजय गिरी का चिकित्सकीय लाइसेंस तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि ताकि भविष्य में आरोपी चिकित्सक कभी भी, किसी भी तरह के चिकित्सकीय दायित्वों का निर्वहन न कर सके।

उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश सरकार पीड़ित बिटिया एवं उसके परिवार के साथ है। मैं भरोसा दिलाता हूं कि आरोपी चिकित्सक को कड़ी से कड़ी से सजा दिलाई जाएगी।”

भाषा जफर आनन्द राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में