उप्र : मुरादाबाद में व्यापारी के घर डकैती की साजिश में बेटी और उसका प्रेमी गिरफ्तार
उप्र : मुरादाबाद में व्यापारी के घर डकैती की साजिश में बेटी और उसका प्रेमी गिरफ्तार
मुरादाबाद, 14 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक पीतल व्यापारी की बेटी ने कथित तौर पर विलासितापूर्ण जीवन शैली जीने के लिए अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने ही घर में 1.30 करोड़ रुपये की डकैती की साजिश रची। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सोमवार को नागफनी थाना क्षेत्र में हुई डकैती के मामले में व्यापारी की बेटी और उसके प्रेमी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 47.24 लाख रुपये नकद, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई दो कारें बरामद की गई हैं।
यह डकैती अकबर कंपाउंड इलाके में रहने वाले पीतल व्यापारी मोहम्मद इमरान के घर पर हुई थी। पुलिस के मुताबिक, हथियारबंद बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को बंदूक का भय दिखाकर बंधक बना लिया और करीब 1.20 करोड़ रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए थे।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि व्यापारी की बेटी अरीबा ने कथित तौर पर अपने प्रेमी अरशद वारसी को घर में रखी नकदी की जानकारी दी थी। इसके बाद उसके साथियों की मदद से डकैती की योजना बनाई गई और वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे लूट की रकम के जरिए रातों-रात अमीर बनना और ऐशो-आराम की जिंदगी जीना चाहते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरीबा, अरशद वारसी, रवि कुमार, निक्की और कुलदीप के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि मामले में लूटी गई शेष रकम की बरामदगी के लिए आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत

Facebook


