उप्र: बरेली में कामधेनु गौशाला के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया

उप्र: बरेली में कामधेनु गौशाला के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया

उप्र: बरेली में कामधेनु गौशाला के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया
Modified Date: July 28, 2026 / 06:48 pm IST
Published Date: July 28, 2026 6:48 pm IST

बरेली, 28 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ अभियान के तहत मंगलवार को मौलानगर क्षेत्र स्थित कामधेनु गौशाला में कथित अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) के जवानों सहित भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया लेकिन अधिकारियों ने बिना किसी बड़ी बाधा के कार्रवाई पूरी कर ली।

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने बताया कि सार्वजनिक पार्क के लिए चिह्नित करीब 5,000 वर्ग फुट सरकारी भूमि पर कथित रूप से किए गए निर्माण के खिलाफ अदालत और प्राधिकरण के आदेशों के अनुपालन में कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान पहले 24 जुलाई को प्रस्तावित था लेकिन उस दिन इसे अंजाम नहीं दिया जा सका।

पांडे के अनुसार, महामंडलेश्वर संजीव गौड़ द्वारा संचालित गौशाला पर सरकारी भूमि पर कब्जा करने का आरोप था।

उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासियों ने शिकायत की थी कि कथित अतिक्रमण के कारण बच्चों और आम लोगों के लिए निर्धारित सार्वजनिक स्थान का उपयोग नहीं हो पा रहा है।

बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि जांच के बाद प्राधिकरण ने निर्माण को अवैध घोषित किया और ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए।

उन्होंने बताया कि राजस्व और तकनीकी टीमें अतिक्रमण की सीमा तथा भूमि के मूल्य का आकलन कर रही हैं।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में