उप्र: किसान दिवस के दौरान डीएम की कुर्सी के पास पहुंचा ‘लंगूर’, कुछ देर बाधित रही कार्यवाही

उप्र: किसान दिवस के दौरान डीएम की कुर्सी के पास पहुंचा ‘लंगूर’, कुछ देर बाधित रही कार्यवाही

उप्र: किसान दिवस के दौरान डीएम की कुर्सी के पास पहुंचा ‘लंगूर’, कुछ देर बाधित रही कार्यवाही
Modified Date: April 17, 2026 / 03:33 pm IST
Published Date: April 17, 2026 3:33 pm IST

बागपत, 17 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बागपत जिला मुख्यालय के विकास भवन में जिलाधिकारी (डीएम) अस्मिता लाल की अध्यक्षता में हुई किसान दिवस बैठक के दौरान उस समय असामान्य स्थिति उत्पन्न हो गई, जब उनका पालतू लंगूर ‘मटरू’ अचानक सभागार में पहुंच गया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, लंगूर सभागार में घुसते ही सीधे जिलाधिकारी के पास पहुंचा और उनकी कुर्सी पर बैठने का प्रयास करने लगा।

इस दौरान जिलाधिकारी अपनी सीट से उठ गईं और लंगूर को शांत करने लगीं, जिससे बैठक कुछ समय के लिए बाधित रही।

बाद में कर्मचारियों ने लंगूर को कक्ष से बाहर निकाला, जिसके बाद बैठक पुनः शुरू हुई।

मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्थिति को संभालने में सहयोग किया।

सूत्रों ने बताया कि ‘मटरू’ पहले भी कलेक्ट्रेट परिसर में कई बार देखा जा चुका है और कर्मचारियों के बीच परिचित है।

इससे पूर्व भी एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान वह जिलाधिकारी के पास पहुंच गया था।

अपर जिला अधिकारी (एडीएम) विनीत कुमार उपाध्याय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ‘मटरू’ कलेक्ट्रेट परिसर में पहले से जाना-पहचाना है और अक्सर वहां दिखाई देता रहता है।

उन्होंने कहा कि यह लंगूर लोगों के बीच घुला-मिला है और अब तक किसी को नुकसान पहुंचाने की कोई सूचना नहीं है।

उपाध्याय ने बताया कि यह घटना बुधवार को हुए किसान दिवस कार्यक्रम के दौरान हुई और उस समय पुलिस अधीक्षक सूरज राय भी उपस्थित थे।

उन्होंने बताया कि किसान अपनी समस्याएं जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रख रहे थे कि तभी लंगूर सभागार में घुस आया और मेजों को पार करते हुए जिलाधिकारी तक पहुंच गया।

जिलाधिकारी अस्मिता लाल पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील रुख के लिए जानी जाती हैं।

उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में पशुओं की देखभाल की व्यवस्था भी कराई है।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में