उप्र: पुलिस ने ताजमहल में जलाभिषेक का प्रयास किया विफल
उप्र: पुलिस ने ताजमहल में जलाभिषेक का प्रयास किया विफल
आगरा, तीन अगस्त (भाषा) श्रावण मास के पहले सोमवार को अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों द्वारा ताजमहल में जलाभिषेक करने के प्रयास को पुलिस ने विफल कर दिया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब सात बजे हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी और महिला कांवड़िए ताजमहल पहुंचे।
पुलिस ने हालांकि सभी को पश्चिमी गेट पर ही रोक लिया और इस दौरान पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
ताजगंज थाना प्रभारी नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस सुरक्षा के बीच सभी कांवड़ियों को राजेश्वर महादेव मंदिर ले जाया गया, जहां उन्होंने गंगाजल से जलाभिषेक किया।
मीरा राठौर ने कहा कि श्रावण मास में अभी तीन सोमवार शेष हैं और संगठन का आंदोलन जारी रहेगा तथा आने वाले सोमवारों को भी भगवान शिव का जलाभिषेक करने का प्रयास किया जाएगा।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


