उप्र: चंदौली के डीडीयू जंक्शन पर कोलकाता मेल से 28 लाख नकदी बरामद

उप्र: चंदौली के डीडीयू जंक्शन पर कोलकाता मेल से 28 लाख नकदी बरामद

उप्र: चंदौली के डीडीयू जंक्शन पर कोलकाता मेल से 28 लाख नकदी बरामद
Modified Date: July 18, 2026 / 06:58 pm IST
Published Date: July 18, 2026 6:58 pm IST

चंदौली, 18 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने एक ट्रेन में यात्रा कर रहे दो यात्रियों के पास से 28 लाख रुपये नकद बरामद किए। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, बरामद नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर राशि आयकर विभाग को सौंप दी गई।

डीडीयू जंक्शन के जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम नियमित जांच कर रही थी तथा इसी दौरान आरपीएफ यार्ड से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंची ट्रेन संख्या 12322 कोलकाता मेल के एस-3 कोच की सीट संख्या 41 और 43 पर बैठे दो यात्री पिट्ठू बैग में भारी मात्रा में नकदी लेकर यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने ट्रेन में पहुंचकर तलाशी ली।

अधिकारी ने बताया कि इस दौरान दोनों यात्रियों के बैग से 28 लाख रुपये नकद बरामद किये गये और पूछताछ में दोनों यात्री बरामद रकम के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों यात्रियों की पहचान मध्यप्रदेश निवासी राहुल सोनी (38) और पुष्प कुमार उसरेटे (23) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि आयकर विभाग अब बरामद नकदी के स्रोत और मामले की जांच कर रहा है।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में