उप्र : झांसी में सेना के वाहन और मुर्गियों से भरे पिकअप वाहन की टक्कर में सैनिक की मौत
उप्र : झांसी में सेना के वाहन और मुर्गियों से भरे पिकअप वाहन की टक्कर में सैनिक की मौत
झांसी, नौ मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश में झांसी जिले के बबीना क्षेत्र में ललितपुर रोड पर सोमवार सुबह सेना के वाहन और मुर्गियों से भरे एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर में 46 वर्षीय नायब सूबेदार की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बबीना थाने के प्रभारी विनय कुमार साहू के मुताबिक यह हादसा सोमवार सुबह करीब छह बजे हुआ।
उन्होंने बताया कि 219 एमईडी डिवीजन के सैन्य वाहन चालक प्रदीप सिंह राणा ने बबीना थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि आज सुबह जब वह अपने सैन्य वाहन से डिवीजन की ओर जा रहे थे, तभी खेलर गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहा तेज रफ्तार एक पिकअप वाहन ने उनके सैन्य वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके कारण दूसरे चालक नायब सूबेदार हरकेश यादव (46) गंभीर रूप से घायल हो गए।
हरकेश को तुरंत सेना के अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
साहू ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पिकअप वाहन चालक रवींद्र को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पिकअप वाहन चालक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत

Facebook


