Raipur Online Betting News / Image Source : AI
रायपुर : Raipur Online Betting News छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के एक मकान में चल रहे सट्टेबाज़ों के अड्डे पर छापा मारा। पुलिस ने ‘ऑस्कर’ ऑनलाइन सट्टा ऐप का संचालन कर रहे तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तीनों आरोपी सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि डीडी नगर इलाके के गोल चौक स्थित एक मकान में ऑनलाइन सट्टे का काला कारोबार चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और तीन सट्टेबाजों को रंगे हाथ धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी बरामद की गई है।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 1 वाई-फाई राउटर मशीन और 17,200 कैश जब्त किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है। तीनों आरोपी रायपुर में किराए का मकान लेकर ऑनलाइन गेमिंग और इवेंट्स पर दांव लगवा रहे थे।
डीडी नगर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के अन्य मुख्य आकाओं, बैंक खातों और आर्थिक लेन-देन के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इन्हें भी पढ़ें:-