उप्र: छात्रा से अश्लील हरकत करने का आरोपी शिक्षक निलंबित

Ads

उप्र: छात्रा से अश्लील हरकत करने का आरोपी शिक्षक निलंबित

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 10:04 AM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 10:04 AM IST

बलिया (उप्र), 29 जुलाई (भाषा) बलिया जिले के पकड़ी क्षेत्र में एक सरकारी उच्चतर प्राथमिक विद्यालय के एक शिक्षक को कक्षा छह की एक छात्रा से अश्लील हरकत करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि पकड़ी थाना क्षेत्र में डंकीगंज गांव स्‍थ‍ित उच्चतर प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक अक्षय कुमार यादव (50) को मंगलवार की रात खंड शिक्षा अधिकारी सुनील चौबे की जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

सिंह ने जांच रिपोर्ट के हवाले से बताया कि आरोपी शिक्षक पिछले कुछ दिनों से छात्रा को विद्यालय की ‘स्मार्ट क्लास’ में ले जाकर उसके साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत करता था।

उन्होंने बताया कि विद्यालय के छात्रों ने जांच अधिकारी को यह भी बताया कि विरोध करने पर यादव छात्रा का नाम विद्यालय से काटने की धमकी देता था।

सिंह के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि विद्यालय के अन्य शिक्षक जब आरोपी के इस कुकृत्य का विरोध करते थे तो वह उनसे झगड़ा करता था। इसके बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक वीर बहादुर, अन्य शिक्षकों और छात्रों के अभिभावकों ने उसके खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया था।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि आरोपों के प्रथम दृष्टया गंभीर पाए जाने तथा छात्राओं की गरिमा, सुरक्षा और विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए यादव को निलंबित कर उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

इससे पहले, शिक्षक की कथित हरकतों से आक्रोशित ग्रामीणों और अभिभावकों ने मंगलवार सुबह विद्यालय के सामने नगरा-सिकंदरपुर मार्ग अवरुद्ध कर दिया था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।

भाषा सं. सलीम

सिम्मी

सिम्मी