उप्र : कासगंज में महिला की पीट-पीटकर हत्या, जेठ समेत परिवार के सदस्य आरोपित

Ads

उप्र : कासगंज में महिला की पीट-पीटकर हत्या, जेठ समेत परिवार के सदस्य आरोपित

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 12:37 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 12:37 PM IST

कासगंज (उप्र), छह मार्च (भाषा) कासगंज जिले के अमापुर थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय एक महिला की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए शुक्रवार को बताया कि इस घटना का खुलासा महिला के आठ वर्षीय बेटे ने किया, जो वारदात का प्रत्यक्षदर्शी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना अमापुर कोतवाली क्षेत्र के भबूपुरा गांव की है। मृतका की पहचान रुचि (35) के रूप में हुई है, जो अपने पति पवन कुमार और आठ वर्षीय बेटे हार्दिक के साथ गांव में रहती थी।

पुलिस के अनुसार, रुचि का पति पवन कुमार लखनऊ में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। वह होली की छुट्टियां बिताने के बाद बृहस्पतिवार को काम पर लौट रहा था। इसी दौरान अलीगढ़ के पास पहुंचने पर उसके बेटे हार्दिक ने फोन कर उसे बताया कि उसके ताऊ नीरज और उनके परिवार के सदस्य उसकी मां को बेरहमी से पीट रहे हैं।

इसके बाद पवन कुमार ने स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की आपातकालीन सेवा ‘112’ को सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, हार्दिक ने बताया कि उसके ताऊ नीरज और उनके परिवार के सदस्य उसकी मां को जबरन अपने घर ले गए और कमरे में बंद कर उसकी पिटाई की। भयभीत होकर वह अपने एक मित्र के घर भाग गया और वहीं से अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक आर. के. भारती ने बताया कि मुख्य आरोपी नीरज घटना के बाद से फरार है। पुलिस आरोपी की पत्नी, बेटे और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा सं जफर मनीषा

मनीषा