उप्र : महिला पर अपने पूर्व प्रेमी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के आरोप में मुकदमा
उप्र : महिला पर अपने पूर्व प्रेमी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के आरोप में मुकदमा
आगरा (उप्र), पांच मार्च (भाषा) आगरा जिले के शाहगंज इलाके में एक महिला के खिलाफ अपने पूर्व प्रेमी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शाहगंज के थानाध्यक्ष राजीव त्यागी ने बृहस्पतिवार को बताया कि ऑटो रिक्शा चालक चांद को पिछले महीने 27 फरवरी को गंभीर रूप से जली हालत में रात करीब नौ बजे सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान आज उसकी मौत हो गई।
चांद की बहन निशा ने उसके भाई के साथ सहजीवन (लिव-इन संबंधों) में रही शबनम नाम की महिला पर चांद की हत्या करने का आरोप लगाया है।
त्यागी ने बताया कि निशा का कहना है कि शबनम पहले विधवा थी और उसने करीब 15 दिन पहले अपने देवर सोनू से शादी कर ली थी। निशा के मुताबिक शबनम शादी के बाद चांद पर कुछ फोटो और वीडियो डिलीट करने का दबाव बना रही थी क्योंकि उसे शक था कि वह उन्हें वायरल कर सकता है।
त्यागी के मुताबिक, निशा का आरोप है कि विगत 27 फरवरी को, जब चांद अपने ऑटो-रिक्शा में सवारियों को छोड़कर लौट रहा था, तो शबनम, उसके पति सोनू और कुछ साथियों ने उसे रास्ते में रोककर उसे गाड़ी से बाहर खींचा, उस पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी।
त्यागी ने बताया कि निशा की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए हैं।
भाषा सं सलीम मनीषा
मनीषा

Facebook


