उप्र : कुशीनगर में बीडीओ की गाड़ी में आग लगाने के आरोप में महिला रसोइया का प्रेमी गिरफ्तार

उप्र : कुशीनगर में बीडीओ की गाड़ी में आग लगाने के आरोप में महिला रसोइया का प्रेमी गिरफ्तार

उप्र : कुशीनगर में बीडीओ की गाड़ी में आग लगाने के आरोप में महिला रसोइया का प्रेमी गिरफ्तार
Modified Date: March 3, 2026 / 06:32 pm IST
Published Date: March 3, 2026 6:32 pm IST

कुशीनगर, तीन मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के सरकारी और निजी वाहन में आग लगाने के मामले में उनके घर में काम करने वाली महिला के प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक के बीडीओ पद पर तैनात राम खेलावन सेठ के रामपुर खुर्द गांव में स्थित किराये के मकान में उनके सरकारी व निजी वाहन में पिछले बृहस्पतिवार की रात अचानक आग लग गई थी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में बीडीओ के घर में खाना पकाने वाली एक महिला के प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि आरोपी का कहना है कि अपने किराये के मकान में अकेले रहने वाले बीडीओ उसकी प्रेमिका को अक्सर रात में अपने घर पर रोक लेते थे, जो उसे बहुत बुरा लगता था, इसी वजह से उसने इस वारदात को अंजाम दिया था।

इस संबंध में नेबुआ नौरंगिया के थाना प्रभारी चन्द्र भूषण प्रजापति ने बताया कि पिछले बृहस्पतिवार की देर रात को बीडीओ आवास के बाहर खड़ी उनकी सरकारी व निजी गाड़ी में अचानक आग लग गई जिससे वह पूरी तरह जल गईं।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पास में ही एक बोतल बरामद की थी जिसमें से पेट्रोल की गंध आ रही थी इसके बाद मामले में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

प्रजापति ने बताया की पड़ताल में यह मालूम हुआ कि

बीडीओ अपने घर में अकेले रहते हैं और उनके यहां भोजन बनाने के लिए एक महिला आती है। पुलिस ने युवती के मोबाइल का कॉल विवरण निकाला तो शक की सुई गोलू यादव नामक व्यक्ति की ओर घूमती नजर आई।

उन्होंने बताया कि गोलू यादव को पकड़कर पुलिस ने जब पूछताछ की तो उसने बताया कि बीडीओ के यहां भोजन बनाने वाली महिला से उसका प्रेम प्रसंग है। गोलू का आरोप है कि बीडीओ अक्सर रात को उसकी प्रेमिका को अपने आवास पर रोक लेते थे, यह बात उसे पसंद नहीं थी।

प्रजापति के मुताबिक यादव का कहना है कि अधिकारी की इस हरकत से परेशान होकर उसने अपनी मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाला और बीडीओ की दोनों गाड़ियों पर छिड़क कर उन्हें आग लगा दी।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत


लेखक के बारे में