उप्र : चित्रकूट के जंगल में युवती से सामूहिक दुष्कर्म
उप्र : चित्रकूट के जंगल में युवती से सामूहिक दुष्कर्म
बांदा (उप्र), 23 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश में चित्रकूट जिले के बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के देवांगना घाटी के जंगल में एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की घटना सामने आई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
चित्रकूट जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार की शाम बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के देवांगना घाटी के जंगल में 20 वर्षीय युवती से दो युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की सूचना पुलिस अधिकारियों को मिली, जिसके बाद कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि युवती की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के विरुद्ध दुष्कर्म और एक युवक के विरुद्ध डराने-धमकाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दर्ज की गई प्राथमिकी के अनुसार एसपी ने बताया कि चित्रकूट जिले से सटे मध्य प्रदेश के नयागांव कस्बे की 20 वर्षीय युवती अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ बुधवार की शाम मोटरसाइकिल से देवांगना घाटी के जंगल में घूमने गई थी, तभी एक अन्य मोटरसाइकिल में सवार तीन अन्य अज्ञात युवक भी वहां पहुंच गए।
उन्होंने बताया कि पहले अज्ञात युवकों ने खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताकर युवती और उसके दोस्त को डराया-धमकाया और बाद में दो युवकों ने युवती से गलत काम किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवकों के चंगुल से छूटने के बाद युवती ने फोन से पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि पीड़िता के बताए अनुसार आरोपियों के स्केच जारी किए जा रहे हैं और घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीम लगाई गई है। बृहस्पतिवार को पीड़िता की चिकित्सीय जांच करवाई जाएगी।
भाषा सं जफर सिम्मी सुरभि
सुरभि

Facebook


