उप्र : कुशीनगर में डंपर की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

Ads

उप्र : कुशीनगर में डंपर की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 09:17 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 09:17 PM IST

कुशीनगर, 23 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर सेमरा गांव के पास हुआ, जब दोनों युवक बाजार से अपने घर लौट रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मलुखी गांव निवासी चन्द्रशेखर गोंड (28) और उनके मित्र सत्येन्द्र प्रसाद (25) मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे मिट्टी लदे डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

इस टक्कर के कारण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर होने पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस ने बताया कि उपचार के दौरान चन्द्रशेखर गोंड की मौत हो गई, जबकि सत्येन्द्र प्रसाद की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत