उप्र : भदोही में दो पक्षों के बीच जमीन विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या

उप्र : भदोही में दो पक्षों के बीच जमीन विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या

उप्र : भदोही में दो पक्षों के बीच जमीन विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या
Modified Date: February 10, 2026 / 06:26 pm IST
Published Date: February 10, 2026 6:26 pm IST

भदोही, 10 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में मंगलवार को दो पक्षों के बीच जमीन विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

भदोही के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जिले के औराई थाना क्षेत्र के जंगला गांव निवासी बृजेश यादव और फूलचंद व आशीष यादव के बीच अदालत में जमीन मामले का विवाद जारी है।

एसपी ने कहा कि इसी विवाद की पृष्ठभूमि में बृजेश यादव ने सुबह करीब 11 बजे लाइसेंसी रिवॉल्वर से कई गोलियां चलाईं।

मांगलिक ने बताया कि इस गोलीबारी में आशीष यादव (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोली लगने से अखिलेश तथा लाठी डंडे से हुए हमले में राजनाथ तथा नन्हें लाल नामक व्यक्ति घायल हो गए। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सिर में गहरी चोट से राजनाथ की हालत गंभीर बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त कर बृजेश यादव को मौके से हिरासत में ले लिया।

बाद में एसपी ने बताया कि मौके पर पहुंची तीन थानों की पुलिस ने गांव से बृजेश यादव, अन्नू, लालधर और सचिन के पास से रिवॉल्वर और कई कारतूस बरामद करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि फरार विशाल उर्फ़ कुल्ली को गिरफ्तार करने के लिए टीम जुटी हुई हैं।

मांगलिक ने बताया कि इस संबंध में अखिलेश यादव की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ औराई थाने में प्राथमिकी दर्ज कर रिवॉल्वर जब्त कर ली गई है। गांव में एहितयातन अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पीएसी की एक कंपनी को तैनात किया गया है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में