उप्र: आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों के इलाज में लापरवाही पर 866 अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई
उप्र: आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों के इलाज में लापरवाही पर 866 अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई
लखनऊ, 18 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश में आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों के इलाज में लापरवाही, नियमों के उल्लंघन और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में अब तक 866 अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मंगलवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गयी।
राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, वर्ष 2020 से 2026 तक कुल 866 अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की गई, इनमें से 648 अस्पतालों का अनुबंध समाप्त कर दिया गया जबकि 140 अस्पतालों पर साढ़े आठ करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस साल अब तक लापरवाही और अन्य अनियमितताओं के मामलों में 318 अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि इनमें से केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित 35 मानकों को पूरा नहीं करने पर 242 अस्पतालों का अनुबंध समाप्त किया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, राज्य धोखाधड़ी निवारक इकाई द्वारा डाटा एनालिटिक्स के आधार पर आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों के इलाज में लापरवाही, निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करने तथा एक ही मरीज को बार-बार भर्ती करने जैसे मामलों की पहचान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा एक ही मरीज की बार-बार एक जैसी रिपोर्ट भेजने और मरीज को गलत विभाग में भर्ती दिखाने के मामलों को भी चिह्नित किया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले अस्पतालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सलीम जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


