उप्र : होली पर 28 फरवरी से नौ मार्च तक चलेंगी अतिरिक्त बसें

उप्र : होली पर 28 फरवरी से नौ मार्च तक चलेंगी अतिरिक्त बसें

उप्र : होली पर 28 फरवरी से नौ मार्च तक चलेंगी अतिरिक्त बसें
Modified Date: February 25, 2026 / 12:46 am IST
Published Date: February 25, 2026 12:46 am IST

लखनऊ, 24 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने होली पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए 28 फरवरी से नौ मार्च तक अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है।

सरकार ने इसके साथ ही उत्कृष्ट कर्मचारियों को 3,600 से 4,500 रुपये तक प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की भी घोषणा की है।

प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने मंगलवार को एक बयान में 28 फरवरी से नौ मार्च तक प्रदेश में अतिरिक्त बसों का संचालन किए जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान दिल्ली एवं गाजियाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश से यात्रा का दबाव अधिक रहता है इसलिए इन क्षेत्रों में बसों और कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या पहले से सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यदि प्रारंभिक प्वाइंट से 60 प्रतिशत यात्री लोड मिलता है तो प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।

परिवहन मंत्री ने निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत निगम बसों का संचालन किया जाए और अनुबंधित बसों के कर्मियों को त्यौहार अवधि में छुट्टी न दी जाए।

सिंह ने कहा कि पर्व अवधि में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चालक-परिचालकों (संविदा एवं आउटसोर्सिंग सहित) को विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर संचालन करने पर 360 रुपये प्रतिदिन की दर से 3,600 रुपये मिलेंगे और 10 दिन की पूर्ण ड्यूटी और निर्धारित मानक पूरा करने पर 450 रुपये प्रतिदिन की दर से 4,500 रुपये और निर्धारित मानक से अधिक किलोमीटर पर प्रति किमी 55 पैसे अतिरिक्त मानदेय प्रदान किया जाएगा।

परिवहन मंत्री ने कहा कि डिपो एवं क्षेत्रीय कार्यशालाओं में कार्यरत कर्मचारियों को भी 10 दिन लगातार ड्यूटी पर 2,100 रुपये तथा नौ दिन की ड्यूटी पर 1,800 रुपये एकमुश्त दिए जाएंगे।

भाषा

सलीम रवि कांत


लेखक के बारे में