उप्र : बहराइच में जंगली हाथी ने एक बुजुर्ग पुजारी को कुचला

उप्र : बहराइच में जंगली हाथी ने एक बुजुर्ग पुजारी को कुचला

उप्र : बहराइच में जंगली हाथी ने एक बुजुर्ग पुजारी को कुचला
Modified Date: February 16, 2026 / 06:49 pm IST
Published Date: February 16, 2026 6:49 pm IST

बहराइच, 16 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतर्नियाघाट जंगल में बने मंदिर के एक बुजुर्ग पुजारी को जंगली हाथी ने कुचलकर मार डाला। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग कार्यालय की ओर से सोमवार को जारी एक बयान में कहा गया कि, ‘कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के रेंज कतर्नियाघाट थाना-सुजौली अन्तर्गत ग्रामसभा कारीकोट के हजारीपुरवा गांव निवासी बाबा सुरेश दास (100 वर्ष से अधिक) वन रक्षक चौकी के समीप बने मंदिर में बीते 50-60 वर्षों से पूजा करने आते थे। कभी-कभी रात में देर होने पर वह मंदिर में ही रुक जाते थे। रविवार रात भी वह मंदिर में रुके हुए थे। रविवार रात करीब 20.05 बजे जंगली हाथी ने हमला कर उन्हें मार डाला।’

बयान के अनुसार स्थलीय निरीक्षण में घटनास्थल के समीप जंगली हाथियों के स्पष्ट पगचिन्ह व लीद पाई गई। मृतक के शव पर गहरे धाव व पैर तथा अन्य अंगों की चमड़ी कटी हुई थी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सुजौली द्वारा मृतक के शव को थाना-सुजौली भेज दिया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक के शव के पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के समय मृतक जिस झोपड़ीनुमा पूजास्थल में मौजूद थे लोग उसे ‘कटियारा कुटी’ के नाम से जानते थे।

गौरतलब है कि इससे पूर्व कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य में सुजौली थानान्तर्गतमिहींपुरवा लखीमपुर मार्ग पर शनिवार शाम जंगली हाथी के हमले से लखीमपुर निवासी 45 वर्षीय महिला की मृत्यु हो गई और हमले में महिला के दो बेटे गंभीर रूप से घायल हुए थे।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में