उप्र : गोरखपुर में सरसों के खेत में मिला युवक का शव
उप्र : गोरखपुर में सरसों के खेत में मिला युवक का शव
गोरखपुर, सात फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के गीडा पुलिस थाना क्षेत्र में सरसों के एक खेत में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि युवक की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है, उसके शरीर पर चाकू के कई घाव थे, और जब शव मिला तो चाकू अभी भी उसकी छाती में फंसा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से लगभग 20 मीटर की दूरी पर शराब की खाली बोतलें और पानी के पाउच बरामद हुए, जिससे पता चलता है कि विवाद बढ़ने और हिंसा होने से पहले युवक संभवत: हमलावरों के साथ शराब पी रहा होगा। फॉरेंसिक टीमों को घटनास्थल पर संघर्ष के निशान और अन्य चीजें भी मिलीं।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘सुबह-सुबह खेतों की ओर जा रहे स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को सूचना दी। वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम के साथ, सबूत और फिंगरप्रिंट इकट्ठा करने के लिए मौके पर पहुंचे।’
पुलिस अधीक्षक (उत्तर) ज्ञानेंद्र नाथ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हमारी प्राथमिकता मृतक की पहचान स्थापित करना और दोषियों का पता लगाना है। कई टीमें सभी संभावित कोणों से जांच कर रही हैं, जिसमें व्यक्तिगत दुश्मनी और नशे की हालत में अचानक उकसावे की बात शामिल है।’
भाषा
सं, जफर रवि कांत

Facebook


