उप्र : शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों के-मानदेय में बढ़ोत्तरी के प्रस्ताव को मंत्रिमंडल की हरी झंडी
उप्र : शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों के-मानदेय में बढ़ोत्तरी के प्रस्ताव को मंत्रिमंडल की हरी झंडी
लखनऊ, सात अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये और अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय नौ हजार रुपये से बढ़ाकर 17 हजार रुपये प्रति माह करने के प्रस्ताव को मंगलवार को मंजूरी दे दी।
बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि अब प्रदेश के शिक्षामित्रों को 10 हजार के बजाय 18 हजार रुपये और अनुदेशकों को नौ हजार के बजाय 17 हजार रुपये मानदेय मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यह बढ़ा हुआ मानदेय एक अप्रैल 2026 से लागू होगा और मई माह के भुगतान से इसका लाभ मिलेगा और इस निर्णय से प्रदेश के 1.43 लाख शिक्षामित्रों और 24 हजार 717 अंशकालिक अनुदेशकों को सीधा फायदा होगा।
सिंह ने बताया कि मानदेय में इस वृद्धि से सरकार पर 1475 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त व्यय भार आएगा।
उन्होंने कहा कि यह कदम शिक्षा व्यवस्था को और मजबूती प्रदान करेगा और शिक्षा कर्मियों के जीवन स्तर में सुधार लाएगा।
सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले ही अंशकालिक अनुदेशकों और शिक्षा मित्रों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की थी और कैबिनेट के सामने रखे गए प्रस्ताव को अब मंज़ूरी मिल गई है।
उन्होंने बताया कि शिक्षा मित्रों का मानदेय पिछली बार 2017 में संशोधित किया गया था, जब इसे साढ़े तीन हजार से बढ़ाकर 10 हजार रुपये किया गया था और अब इसे बढ़ाकर 18 हजार रुपये कर दिया गया है।
भाषा सलीम मनीषा रंजन
रंजन

Facebook


