उप्र: धुएं के अलर्ट के बाद आपात स्थिति में उतारा गया बागडोगरा से दिल्ली जाने वाला विमान

उप्र: धुएं के अलर्ट के बाद आपात स्थिति में उतारा गया बागडोगरा से दिल्ली जाने वाला विमान

उप्र: धुएं के अलर्ट के बाद आपात स्थिति में उतारा गया बागडोगरा से दिल्ली जाने वाला विमान
Modified Date: March 31, 2026 / 10:41 pm IST
Published Date: March 31, 2026 10:41 pm IST

लखनऊ, 31 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल के बागडोगरा (सिलीगुड़ी) से दिल्ली जा रहे एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान को कॉकपिट के इलेक्ट्रिक पैनल से धुआं निकलने के कारण सोमवार शाम को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात् स्थिति में उतारा गया। हवाई अड्डे के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के मुताबिक, विमान को कॉकपिट के इलेक्ट्रिक पैनल (एवियोनिक्स बे) में धुआं देखे जाने के बाद आपात स्थिति में लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया।

सूत्रों ने बताया कि हवाई यातायात नियंत्रण कक्ष (एटीसी) को विमान को लखनऊ की तरफ मोड़ने के बारे में अलर्ट किया गया और विमान शाम लगभग पांच बजकर 18 मिनट पर सुरक्षित रूप से उतर गया।

सूत्रों के मुताबिक, विमान में चालक दल के छह सदस्यों सहित कुल 148 लोग सवार थे।

सूत्रों ने बताया कि विमान के उतरने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

सूत्रों के मुताबिक, विमानन कंपनी ने ज्यादातर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरे विमानों में जगह दी।

सूत्रों ने बताया कि कुछ यात्रियों को उनके टिकट की पूरी रकम वापस की गयी, जबकि कई अन्य यात्रियों को होटल में रहने की सुविधा दी गई और बाद की उड़ानों में उनकी बुकिंग दोबारा की गई।

इस बीच, एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक प्रवक्ता ने मंगलवार शाम को बताया कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दिल्ली जा रही एक विमान के चालक दल के सदस्यों ने रास्ता बदलकर लखनऊ की ओर मुड़ने का फैसला किया और धुएं का अलर्ट मिलने के बाद प्राथमिकता के आधार पर विमान को उतारा गया।

उन्होंने असुविधा के लिये खेद जताते हुए बताया कि विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और वहां पहुंचने पर सभी यात्रियों को जलपान कराये जाने के बाद उन्हें दिल्ली जाने वाली दूसरे विमानों से भेज दिया गया।

भाषा सलीम जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में