गोंडा (उप्र), 13 सितंबर (भाषा) गोंडा जिले में बर्तन व्यापारी विनोद साहनी की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के मामले में पुलिस ने रविवार को एक महिला समेत दो लोगों के ख़िलाफ़ अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ सदर अभिषेक दवाच्या ने बताया कि जातिगत पोस्ट के जरिये समाज में द्वेष फैलाने के आरोप में इटियाथोक थाने में एक महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि दिखलौल के मरदनपुरवा निवासी काजल सिंह ने अपने सोशल मीडिया खाते से जातिगत पोस्ट की थी। पोस्ट के प्रसारित होने के बाद पुलिस ने महिला के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
एक अलग मामले में, सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ पोस्ट कर हिंसा के लिए उकसाने के आरोप में बरसड़ा निवासी राम किशुन के खिलाफ तरबगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फेसबुक पर ‘राम किशुन कोहली’ नाम से खाता बना रखा है। वह कथित तौर पर एक वर्ग विशेष के खिलाफ अभद्र, आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट करता रहा है।
रविवार को भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के गोंडा आने के दौरान रास्ते में रोके जाने के बाद भी उसने एक विशेष समुदाय को लेकर कथित अपमानजनक टिप्पणी की।
उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर समाज में वैमनस्य फैलाने वाली पोस्ट करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गोंडा जिले में नौ सितंबर को बर्तन व्यापारी साहनी की हत्या के बाद सियासी घमासान शुरू हो गया। मत्स्य मंत्री संजय निषाद समेत विपक्षी दलों के नेताओं ने मामले को लेकर प्रदर्शन किया।
भाषा सं आनन्द आशीष
आशीष