उप्र : हमीरपुर में ट्रक और कार की टक्कर में चार लोगों की मौत

उप्र : हमीरपुर में ट्रक और कार की टक्कर में चार लोगों की मौत

उप्र : हमीरपुर में ट्रक और कार की टक्कर में चार लोगों की मौत
Modified Date: May 17, 2026 / 05:45 pm IST
Published Date: May 17, 2026 5:45 pm IST

हमीरपुर, 17 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर रविवार को एक ट्रक और कार की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा अपराह्न करीब डेढ़ बजे हमीरपुर-महोबा मार्ग पर छिरका चौराहे के पास हुआ।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना में मारे गए लोग बागेश्वर धाम से दर्शन कर कानपुर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी वैगनआर कार को टक्कर मार दी।

पुलिस ने मृतकों की पहचान कानपुर के नवाबगंज क्षेत्र निवासी नरेंद्र कुमार (55), उनकी पत्नी रेखा (52), उनके मित्र राज कपूर (57) और उनकी पत्नी मीना (52) के रूप में की है।

पुलिस ने बताया कि कार चालक लखनऊ निवासी आयुष चौहान (25) हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।

उन्होंने कहा कि कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें मौदहा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक प्राथमिक उपचार के बाद आयुष चौहान को हमीरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

मौदहा थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत


लेखक के बारे में