कांवड़ यात्रा के लिए अतिरिक्त बसें चलाएगी उप्र सरकार, चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा नियंत्रण कक्ष

कांवड़ यात्रा के लिए अतिरिक्त बसें चलाएगी उप्र सरकार, चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा नियंत्रण कक्ष

कांवड़ यात्रा के लिए अतिरिक्त बसें चलाएगी उप्र सरकार, चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा नियंत्रण कक्ष
Modified Date: July 26, 2026 / 04:14 pm IST
Published Date: July 26, 2026 4:14 pm IST

लखनऊ, 26 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त बस चलाने और यात्रा की निगरानी के लिए चौबीसों घंटे नियंत्रण कक्ष संचालित करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई।

बयान के अनुसार, सरकार ने 30 जुलाई से शुरू होने वाली श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

इसमें कहा गया कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। साथ ही यात्रा की निगरानी के लिए चौबीसों घंटे संचालित होने वाला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा।

परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने निगम की बसों के सुरक्षित संचालन और यात्रियों की सुविधाओं के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि प्रत्येक क्षेत्रीय मुख्यालय पर चौबीसों घंटे संचालित होने वाला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। यह कक्ष कांवड़ यात्रा शुरू होने से लेकर उसके समापन तक लगातार कार्य करेगा और सभी गतिविधियों का रिकॉर्ड रखा जाएगा।

परिवहन मंत्री ने कहा कि हरिद्वार जाने वाले कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे प्रमुख मार्गों पर भी आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।

परिवहन मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने तथा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि निगम की बसों के कारण किसी भी स्थिति में कांवड़ यात्रा बाधित न हो तथा बसों का संचालन केवल जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों पर ही किया जाए।

भाषा आनन्द खारी

खारी


लेखक के बारे में