उप्र : फर्जी कागजात के जरिये विदेश भेजने का धंधा चलाने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार
उप्र : फर्जी कागजात के जरिये विदेश भेजने का धंधा चलाने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार
मथुरा, तीन मार्च (भाषा) कनाडा जाने के इच्छुक लोगों को फर्जी कागजातों के जरिये विदेश भेजने का धंधा चलाने के आरोप में पंजाब के पटियाला निवासी पति-पत्नी को मथुरा से मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक कनाडा भेजने के नाम पर लोगों से 50 लाख रुपये से लेकर ढाई करोड़ रुपये तक वसूलने वाले यह पति-पत्नी गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में एक आवासीय सोसाइटी में छिपकर रह रहे थे।
पुलिस उपाधीक्षक (सदर) पीतम पाल सिंह ने मलेर कोटला (पंजाब) के पुलिस उपाधीक्षक मानवजीत सिंह संधू के हवाले से बताया कि पटियाला निवासी सौरभ गुप्ता और उसकी पत्नी प्रगति गुप्ता लंबे समय से कबूतरबाजी (अवैध आव्रजन कागजात के आधार पर विदेश भेजना) का धंधा चला रहे थे।
उन्होंने बताया कि दंपति की धोखाधड़ी के शिकार कई लोगों ने उनके विरुद्ध मलेर कोटला में मुकदमे दर्ज कराए थे, तभी से पंजाब पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
सिंह ने बताया कि कई स्थानों पर खोजबीन के बाद पता चला कि सौरभ गुप्ता और उसकी पत्नी वृंदावन के सुनरख क्षेत्र में हरेकृष्णा ऑर्चिड सोसायटी के बी-ब्लॉक के फ्लैट (नंबर 812) में रह रहे थे और दोनों ने यहां भी अपना धंधा जारी रखा था।
सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह पंजाब पुलिस ने दंपति के फ्लैट पर अचानक छापा मारा तो वह दोनों घर पर ही मिल गए। उन्होंने बताया कि उस वक्त वे दोनों गले में कंठी माला डाले धर्म-कर्म का दिखावा कर रहे थे और उनके साथ दो बच्चे भी थे।
सिंह ने बताया कि दंपति का जिला अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराए जाने के बाद उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया जहां से पंजाब पुलिस ट्रांसिट डिमांड हासिल कर उन्हें मलेर कोटला ले गयी।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत

Facebook


