उप्र: पति ने डंडे से पीट-पीट कर पत्नी की हत्या की, गिरफ्तार
उप्र: पति ने डंडे से पीट-पीट कर पत्नी की हत्या की, गिरफ्तार
सुलतानपुर, 24 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में मंगलवार को पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर कथित तौर पर हत्या करने के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह धनपतगंज ब्लॉक के सेवरा चरथई गांव निवासी नक्छेद (45) सोमवार को लिंटर डालने का काम कर रहा था और इस दौरान उसने अपनी पत्नी कुसुम (42) को फोन किया।
पुलिस के मुताबिक, कुसुम किसी काम में व्यस्त होने के कारण फोन नहीं उठा सकी, जिससे नक्छेद नाराज हो गया और रात करीब 12 बजे घर जाकर अपने दोनों बच्चों उदयभान (9) और दीक्षा (8) के सामने पत्नी से मारपीट करने लगा।
पुलिस ने बताया कि दोनों बच्चे जब अपनी मां को बचाने आए तो नक्छेद ने उन्हें भी धक्का दे दिया।
आरोपी की बेटी दीक्षा ने पुलिस को बताया, “रात में पापा मम्मी को मार रहे थे। मैं मम्मी को लेकर बड़ी मम्मी के घर चली गई और रात भर हम वहीं रहे। सुबह जब हम वापस घर आए तो पापा ने फिर डंडे से मम्मी को मार दिया।”
मृतका के बेटे ने पुलिस को बताया कि उसके पिता गांजा पीते हैं।
बल्दीराय के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशुतोष कुमार ने बताया कि थाना प्रभारी अंजू मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उन्होंने बताया कि आरोपी नक्छेद को गिरफ्तार कर लिया गया और पूछताछ में उसने बताया कि उसने मारपीट की लेकिन उसे पत्नी की मौत का अंदाजा नहीं था।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


