उप्र : लखनऊ समेत कई जगहों पर अगले सप्ताह 40 डिग्री के पार जा सकता है तापमान

Ads

उप्र : लखनऊ समेत कई जगहों पर अगले सप्ताह 40 डिग्री के पार जा सकता है तापमान

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 09:35 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 09:35 PM IST

लखनऊ, 11 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिसके चलते राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, पिछले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की गई है, हालांकि अभी भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।

मौसम विभाग ने बताया कि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही तेज पछुआ हवाएं, जो कभी-कभी 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच जाती हैं, 12 अप्रैल के बाद कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके बाद राज्य में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं बनने के कारण मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे चार से छह डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी।

लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। शहर में बारिश नहीं हुई और आसमान साफ रहा।

पूर्वानुमान के अनुसार, लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में दिन के समय आसमान साफ रहेगा और तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान के 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

राज्य के अन्य प्रमुख शहरों जैसे प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर और आगरा में भी मौसम शुष्क रहा और कहीं वर्षा दर्ज नहीं की गई।

मुख्य स्थानों में प्रयागराज और झांसी में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी में 37.4 डिग्री सेल्सियस और बांदा में 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बरेली (33.5), मुरादाबाद (33.2) और मुजफ्फरनगर (32.0 डिग्री सेल्सियस) में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा।

भाषा

चंदन, आनन्द रवि कांत