लखनऊ, 16 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से सुस्त पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान जताया है।
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश होने या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में लखनऊ और आसपास के इलाकों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
हालांकि, बृहस्पतिवार को पूरे राज्य में मानसून की गतिविधियां काफी कम रहीं। प्रदेश में अब तक 9.4 मिलीमीटर के सामान्य स्तर के मुकाबले 1.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो 82 प्रतिशत की कमी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से 77 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यह आंकड़ा 92 प्रतिशत रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में इस मौसम में अब तक दक्षिण-पश्चिमी मानसून की बारिश में 27 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों से पता चला है कि उत्तर प्रदेश में एक जून से 16 जुलाई के बीच सामान्य 229.4 मिलीमीटर के मुकाबले कुल 167.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य 254 मिलीमीटर के मुकाबले केवल 150.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो 41 प्रतिशत की कमी है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य 195.1 मिलीमीटर के मुकाबले 191.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जो केवल दो प्रतिशत की कमी है।
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, मेरठ में मौसमी बारिश में सबसे अधिक वृद्धि (सामान्य से 147 प्रतिशत ज्यादा) दर्ज की गई, इसके बाद मुजफ्फरनगर (141 प्रतिशत), संभल (84 प्रतिशत) और एटा (74 प्रतिशत) का स्थान रहा।
वहीं, भदोही में मौसमी बारिश में सर्वाधिक 89 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई, जबकि पीलीभीत में यह आंकड़ा 85 प्रतिशत, कौशांबी में 83 प्रतिशत, कानपुर देहात में 78 प्रतिशत और जौनपुर में 76 प्रतिशत रहा।
आंकड़ों के अनुसार, लखनऊ में 201.9 मिलीमीटर के सामान्य स्तर के मुकाबले कुल 108.1 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो 46 प्रतिशत की कमी है।
इस बीच, राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तापमान सामान्य के आसपास रहा। बृहस्पतिवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.3 डिग्री कम) और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विभाग के अनुसार, फतेहपुर में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस, झांसी में 38.4 डिग्री सेल्सियस और उरई में 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भाषा
सलीम पारुल
पारुल