कृष्ण पर विवादित टिप्पणी को लेकर लखनऊ में मौलाना के खिलाफ शिकायत दर्ज

Ads

कृष्ण पर विवादित टिप्पणी को लेकर लखनऊ में मौलाना के खिलाफ शिकायत दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 07:18 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 07:18 PM IST

लखनऊ, 16 जुलाई (भाषा) अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने भगवान कृष्ण को लेकर विवादित टिप्पणी करके हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में एक मौलाना के खिलाफ लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में बृहस्पतिवार को शिकायत दर्ज कराई।

अखिल भारत हिंदू महासभा के सदस्य हजरतगंज कोतवाली पहुंचे और मौलाना जारजिस अंसारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए शिकायत सौंपी।

अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने संवाददाताओं से कहा, “हमने मौलाना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।” उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मौलाना के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की।

यह शिकायत अंसारी का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दर्ज कराई गई है, जिसमें वह यह दावा करते नजर आ रहे हैं कि भगवान कृष्ण दिन में पांच बार नमाज पढ़ते थे।

माना जा रहा है कि यह वीडियो इस साल की शुरुआत में झारखंड में दिए गए एक कथित भाषण का है। इसके फिर से सामने आने पर कई हिंदू संगठनों ने विरोध-प्रदर्शन किया और मौलाना की गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस ने कहा कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

भाषा

चंदन सलीम पारुल

पारुल