रायबरेली (उप्र), 27 मई (भाषा) गंगा एक्सप्रेस-वे पर रायबरेली जिले के सलोन थाना क्षेत्र के मिरजहांपुर गांव के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मृतकों में सात साल की बच्ची भी शामिल है। हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली से जौनपुर जा रही स्कॉर्पियो सड़क पार कर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई लोग उसमें फंस गए। स्थानीय लोगों और बचाव दल ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों की पहचान जौनपुर जिले के भीलमपुर गांव की निवासी सरोज सिंह (55), समृद्धि (सात) और संगीता सिंह (22) के रूप में हुई है।
हादसे में गुरचरण सिंह, उनकी पत्नी प्रतिमा सिंह, नीरज सिंह, उनकी पत्नी सविता सिंह और तीन साल का बच्चा घायल हुए हैं। सभी को पहले प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें एम्स रायबरेली रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी बालेंदु गौतम ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने कहा कि कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है।
भाषा सं आनन्द
मनीषा
मनीषा