उप्र : अमेठी में अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत

Ads

उप्र : अमेठी में अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - March 3, 2026 / 08:12 PM IST,
    Updated On - March 3, 2026 / 08:12 PM IST

अमेठी, तीन मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के पीपरपुर और इन्हौना क्षेत्र में मंगलवार को हुई अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक इन्हौना थाना क्षेत्र के कैथागांव के धीरापुर गांव निवासी राज बहादुर (60) मंगलवार दोपहर लखनऊ-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिलौली गांव के पास पैदल जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए राज बहादुर को जगदीशपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि साथ ही साथ पुलिस टक्कर मारने वाली कार की सीसीटीवी व अन्य स्रोतों से तलाश कर रही है।

सूत्रों ने बताया कि एक अन्य घटना में पीपरपुर थाना क्षेत्र के सवनगी गांव में करिश्मा पाल (27) नामक महिला का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया।

प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक करिश्मा की शादी अप्रैल 2025 में सुलतानपुर जिले के धम्मौर क्षेत्र के नरहरपुर गांव में हुई थी। कुछ पारिवारिक अनबन के चलते वह पिछले नवंबर से मायके में ही रह रही थी।

उन्होंने बताया कि हालांकि घटना के पीछे असली वजह क्या रही, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत