उप्र : विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगे 15 लाख, मुकदमा दर्ज

Ads

उप्र : विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगे 15 लाख, मुकदमा दर्ज

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 12:09 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 12:09 PM IST

अमेठी (उप्र), 26 फरवरी (भाषा) अमेठी जिले में विदेश में नौकरी का झांसा देकर एक युवक से 15 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जायस थाना क्षेत्र के सराय महेश गांव निवासी सोहेल अहमद से कनाडा में ‘फ्रूट पैकिंग’ की नौकरी दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी की गयी है।

उन्होंने बताया कि पीड़ित के अनुसार, ‘फेसबुक’ पर विदेश में रोजगार का एक विज्ञापन देखकर उसने विज्ञापन में दिए गए नंबर पर फोन किया जिसके बाद उसके के पास विदेशी नंबरों से कॉल आने लगे।

सूत्रों ने बताया कि अहमद ने आरोप लगाया है कि जालसाजों ने बड़ी चालाकी से उसे विश्वास में लिया और सुविधा शुल्क के नाम पर 30 हजार रुपये की मांग की, जिसे सोहेल ने क्यूआर कोड के माध्यम से प्रेषित कर दिया।

सूत्रों के अनुसार अहमद का कहना है कि ठगों ने उससे आधार कार्ड, पैन कार्ड और पासपोर्ट की प्रतियां मंगवाई और फिर वीजा प्रक्रिया और हवाई टिकट के नाम पर ठगों ने अलग-अलग खातों में किश्तों में कुल 15 लाख रुपये अंतरित करवा लिए। पीड़ित के मुताबिक, उसके बाद ठगों ने अपने फोन बंद कर दिये जिसके बाद उसे ठगे जाने का आभास हुआ।

जायस थाने के प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित सुहेल अहमद की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन अधिनियम 2008 और भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं सलीम मनीषा

मनीषा