उन्नाव, 27 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में लगातार बारिश के बीच गंगा एक्सप्रेस-वे के बशीरतगंज इंटरचेंज के आसपास जलभराव होने पर कुछ लोग पानी में जाल डालकर मछली पकड़ते दिखाई दिए।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और मछली पकड़ने के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारिश व जलभराव के कारण रविवार दोपहर इंटरचेंज और औद्योगिक गलियारे की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।
उन्होंने बताया कि जलभराव के बीच जाल डालकर मछली पकड़ते लोगों का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर कहा कि शहरों में जलभराव का मुख्य कारण अधिक बारिश नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कथित भ्रष्टाचार के कारण जल निकासी व्यवस्था का विफल होना है।
यादव ने कहा कि विभिन्न प्रकार के प्रदूषण और नालों के नदियों में गिरने से गाद जमा होने के कारण जल प्रवाह बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ हो या स्मार्ट सिटी गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे अन्य बड़े शहर, हर जगह स्थिति खराब है।
स्थानीय लोगों ने इंटरचेंज और आसपास के मार्गों पर जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।
उनका कहना है कि बारिश के दौरान पर्याप्त जल निकासी नहीं होने से क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन जाती है।
गंगा एक्सप्रेस-वे से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि अत्यधिक बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।
एक्सप्रेस-वे पर टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और जरूरत के अनुसार जलभराव वाले स्थानों से पानी निकालने का काम कराया जा रहा है।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र