मुंबई : सार्वजनिक शौचालय के अंदर संदिग्ध जहरीले रसायन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत

Ads

मुंबई : सार्वजनिक शौचालय के अंदर संदिग्ध जहरीले रसायन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 07:09 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 07:09 PM IST

मुंबई, 27 सितंबर (भाषा) मुंबई के पश्चिमी उपनगर में रविवार तड़के सार्वजनिक शौचालय के अंदर कथित तौर पर जहरीले रसायन की चपेट में आने के बाद दो लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। नगर निकाय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना राम मंदिर ईस्ट इलाके में मृणालताई पुल के पास पारसी पंचायत गेट के निकट एक सार्वजनिक शौचालय में हुई।

अधिकारियों ने बताया कि दमकल विभाग, पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर निकाय के वार्ड कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

एक अधिकारी के अनुसार, प्रभाकर धनिवार (24) और भाविन देसाई (18) को पास में बीएमसी की ओर से संचालित अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तड़के करीब तीन बजकर 45 मिनट पर दोनों को मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने दावा किया कि सार्वजनिक शौचालय के अंदर तेज रासायनिक गंध फैलने के बाद दोनों पीड़ितों को सांस लेने में तकलीफ हुई और उनका दम घुटने लगा।

अधिकारी ने कहा कि संदिग्ध रसायन की प्रकृति और उसके रिसाव के स्रोत का तत्काल पता नहीं चल सका है तथा मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

मुंबई में पिछले कुछ वर्षों में जहरीली गैस या रसायन के संपर्क में आने के बाद दम घुटने से कई लोगों की मौत हो चुकी है।

पिछले साल मार्च में दक्षिण मुंबई में एक निर्माणाधीन इमारत में पानी की टंकी की सफाई करते समय दम घुटने से चार मजदूरों की मौत हो गई थी।

मार्च 2022 में मुंबई के कांदिवली इलाके में सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैस के संपर्क में आने से तीन सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई थी।

दिसंबर 2019 में मुंबई के गोवंडी इलाके में सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय उसके अंदर फंसने के बाद दम घुटने से तीन सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई थी।

भाषा पारुल सुरेश

सुरेश