उप्र: मऊ में रोडवेज बस से युवती का शव बरामद
उप्र: मऊ में रोडवेज बस से युवती का शव बरामद
मऊ, 26 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के वाराणसी से मऊ बस अड्डे पहुंची रोडवेज की एक बस में एक युवती का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार देर रात करीब सवा 12 बजे की है।
पुलिस के मुताबिक, सहयात्रियों के कई बार कहने के बावजूद जब युवती नहीं उठी तब कहीं घटना सामने आई।
एक अधिकारी ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बस के परिचालक अवधेश यादव ने बताया कि बस गोरखपुर डिपो की थी और युवती ने वाराणसी से मऊ तक का टिकट लिया था।
उन्होंने बताया कि युवती ने यात्रा के दौरान गाजीपुर रोडवेज बस अड्डे पर बस के रुकने के समय एक बार जोर से आवाज लगाई थी हालांकि पूछने पर उसने तबीयत खराब होने की शिकायत नहीं की।
परिचालक के अनुसार, युवती की तबीयत ठीक नहीं लग रही थी और इसी कारण मऊ सदर अस्पताल के गेट के सामने बस रोककर उसे उतरकर उपचार कराने की सलाह दी गई लेकिन उसने बस से उतरने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवती के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान डिंपल सिंह (21) के रूप में हुई और वह मऊ जिले के गौहरपुर गांव की रहने वाली थी।
पुलिस के अनुसार, डिंपल दिल्ली में एक कपड़े की दुकान पर काम करती थी और बृहस्पतिवार शाम वाराणसी से मऊ आने के लिए रोडवेज बस में सवार हुई थी।
पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है और मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


