हत्या के प्रयास का वांछित आरोपी पुलिस कार्यालय पहुंचा, किया आत्मसमर्पण
हत्या के प्रयास का वांछित आरोपी पुलिस कार्यालय पहुंचा, किया आत्मसमर्पण
मेरठ, 12 सितंबर (भाषा) मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी रवीश ने शनिवार को पुलिस कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल .32 बोर की पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार फतेहउल्लापुर निवासी रवीश (21) के खिलाफ लोहियानगर थाने में मामला दर्ज था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बढ़ते दबाव के बीच उसने पुलिस कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण किया।
पुलिस द्वारा जारी एक वीडियो में रवीश पुलिस हिरासत में हाथ में एक पोस्टर लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से माफी मांगता नजर आ रहा है। पोस्टर पर लिखा है कि वह मुख्यमंत्री से माफी मांगता है । वह वादा कर रहा है कि भविष्य में वह कभी अपराध नहीं करेगा।
पुलिस ने बताया कि 11 सितंबर को सोनू मलिक ने लोहियानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि इरशाद, उसके पुत्र रवीश, पत्नी शबाना और फिरोज ने उसे तथा उसके भाई हारून को जान से मारने की नीयत से गोलीबारी की।
इस घटना में हारून गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, रवीश की निशानदेही पर पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद होने के बाद मुकदमे में शस्त्र अधिनियम की धारायें भी बढ़ाई गई हैं। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा सं जफर
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


