(फाइल फोटो के साथ)
देवरिया (उप्र), 22 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि ‘हम समस्याएं नहीं, समाधान देते हैं, तभी जनता जनार्दन हमें चुनती है।’
योगी ने यहां 655 करोड़ रुपये की 19 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा, “हमारी सरकार समस्याओं को टालने वाली नहीं, बल्कि समाधान देने वाली सरकार है। हम समस्याएं नहीं, समाधान देते हैं, तभी जनता जनार्दन हमें चुनती है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश ने विकास की नई गति पकड़ी है तथा अब विकास की यह यात्रा रुकने वाली नहीं है।
एक सरकारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद देश ने नए भारत का दर्शन किया है तथा प्रधानमंत्री मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने तेजी से अवसंरचना विकास को प्राथमिकता दी, क्योंकि गति जितनी तेज होगी, विकास का लाभ उतनी ही तेजी से आम जनता तक पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री ने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से कहा कि कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और नए सत्र से इसे शुरू करने की तैयारी की जाए।
उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय किसानों को आधुनिक तकनीक, कम लागत और अधिक उत्पादन की दिशा में नई राह दिखाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह गोरखपुर से सांसद थे, तब उन्हें अक्सर देवरिया आना पड़ता था।
उन्होंने कहा, ‘‘उस समय राज्य में अराजकता, उत्पीड़न और तुष्टीकरण की राजनीति थी। गोरखपुर से देवरिया तक सड़कें बदहाल थीं, कई हिस्सों में सिंगल लेन मार्ग था और चौरी-चौरा रेलवे क्रॉसिंग पर घंटों जाम लगता था। लेकिन आज वही देवरिया फोर लेन कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है। ’’
योगी ने कहा कि अच्छी सड़कें, फ्लाईओवर, पुल और अन्य मजबूत बुनियादी ढांचे ही रोजगार एवं निवेश की नींव होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ वर्ष पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि देवरिया में मेडिकल कॉलेज बनेगा, लेकिन आज महर्षि देवरहा बाबा के नाम पर सरकारी मेडिकल कॉलेज चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की कानून व्यवस्था पर हमला बोलते हुए कहा कि उस समय हर जिले में माफिया सक्रिय थे, त्योहारों पर उपद्रव, गरीबों की जमीनों पर कब्जा, बेटियों और व्यापारियों में भय का माहौल था।
योगी ने कहा कि चूंकि देवरिया की जनता ने 2022 चुनाव में भाजपा को सातों विधानसभा सीट जिताकर बड़ा समर्थन दिया, इसलिए सरकार देवरिया की किसी भी विकास परियोजना को रुकने नहीं देगी।
भाषा आनन्द राजकुमार
राजकुमार