घरेलू विवाद में पत्नी की गला काटकर हत्या, पति गिरफ्तार
घरेलू विवाद में पत्नी की गला काटकर हत्या, पति गिरफ्तार
लखनऊ, 28 मई (भाषा) लखनऊ के बाजारखाला क्षेत्र में कथित तौर पर घरेलू विवाद के कारण पत्नी की गला रेत कर हत्या करने के आरोपी पति को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद शाहीद के रूप में हुई है जिसे बाजारखाला थाना क्षेत्र अंतर्गत ऐशबाग के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को थाना बाजारखाला पुलिस को सूचना मिली कि ईदगाह गेट नं-12 के सामने एक महिला घायल अवस्था में बेहोशी की हालत में पड़ी है। इस सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को एंबुलेंस से केजीएमयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच एवं मृतका के परिजनों से पूछताछ में पता चला कि महिला चांदनी (26) की शादी लगभग सात वर्ष पूर्व मोहम्मद शाहीद के साथ हुई थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।
पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के कारण अभियुक्त शाहीद ने कथित तौर पर धारदार चाकू से गला रेतकर चांदनी की हत्या कर दी।
भाषा राजेंद्र शोभना
शोभना

Facebook


