गोरखपुर (उप्र), 15 अप्रैल (भाषा) गोरखपुर के गोलघर इलाके में एक बंद दुकान के अंदर बुधवार को 25 वर्षीय एक महिला का शव पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने कहा कि उसके सिर में चोट के निशान हैं जिससे उसकी हत्या किये जाने का संदेह है।
पुलिस के अनुसार मृत महिला की पहचान गंगोत्री यादव के रूप में हुई है, जो जिला पंचायत कार्यालय के पास एक प्रिंटिंग प्रेस चलाती थी।
पुलिस ने कहा कि स्थानीय लोगों ने परिसर से दुर्गंध आने की पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दुकान के एक केबिन के अंदर से उसका क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, दुकान करीब तीन दिन से बंद थी, जब कैंट थाने के अधिकारियों ने शटर खोला, तो उन्हें शव सड़ी-गली अवस्था में मिला।
गंगोत्री के भाई रमेश यादव ने कहा कि वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और परिवार उसकी शादी की तैयारी कर रहा था।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं उससे आखिरी बार रविवार को मिला था। जब उसने अगले दिन फोन का जवाब नहीं दिया, तो हम चिंतित हो गए।’
महराजगंज से उसके भाई समेत परिवार के सदस्य तुरंत गोरखपुर पहुंच गये हैं।
पुलिस ने कहा कि अंग्रेजी में स्नातकोत्तर गंगोत्री लगभग एक दशक से गोरखनाथ इलाके में किराए के मकान में रह रही थी तथा प्रिंटिंग व्यवसाय शुरू करने से पहले उसने एक शिक्षिका के रूप में काम किया था।
जांचकर्ता अनिल गुप्ता नामक एक व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रहे हैं, जो कथित तौर पर पिछले आठ वर्षों से उनके साथ काम कर रहा था।
पुलिस ने कहा कि फिलहाल उसका पता नहीं चल सका है तथा पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर निमेश पाटिल ने कहा कि पीड़ित के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या का संदेह जताया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम के बाद पता चलेगा।’
भाषा सं जफर
राजकुमार
राजकुमार