भदोही में महिला ने पति पर गहने बेचने, ‘तीन तलाक’ देकर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया
भदोही में महिला ने पति पर गहने बेचने, ‘तीन तलाक’ देकर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया
भदोही (उप्र), 23 अक्टूबर (भाषा) भदोही में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के पांच लाख रुपये मूल्य के गहने कथित तौर पर बेच दिए, उसकी जीवन बीमा राशि हड़प ली, अपने भाइयों के साथ मिलकर उससे मारपीट की और फिर उसे ‘तीन तलाक’ देकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
गोपीगंज थाना प्रभारी शैलेश कुमार राय ने बताया कि सात बच्चों की मां नाजिश (38) की तहरीर पर उसके पति चिरागुद्दीन, जेठ मैनुद्दीन, और दो देवरों शहाबुद्दीन और निजामुद्दीन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई।
थाना प्रभारी के अनुसार, गोपीगंज थाना क्षेत्र के अलीनगर निवासी नाजिश ने बताया कि उसके पिता ने भारतीय जीवन बीमा निगम से उसका 2,70,000 रुपये का बीमा कराया था, जिसकी राशि उसके पति चिरागुद्दीन ने कथित तौर पर निकाल ली।
उन्होंने बताया कि नाजिश ने आरोप लगाया कि चिरागुद्दीन ने कुछ समय पहले उसकी शादी में मिले पांच लाख रुपये मूल्य के सभी आभूषण बेच दिए और रुपये हड़प लिए।
नाजिश ने यह भी आरोप लगाया कि 21 अक्टूबर की रात उसके पति, जेठ और देवरों ने उसके साथ मारपीट की, और चिरागुद्दीन ने उसे ‘तीन तलाक’ देकर घर से निकाल दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि नाजिश अपने सात छोटे बच्चों के साथ बुधवार को थाने पहुंची और चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। बुधवार देर शाम पुलिस ने अलीनगर स्थित आरोपी के आवास पर दबिश दी, लेकिन सभी फरार हैं।
भाषा सं राजेंद्र खारी
खारी

Facebook


