हस्तिनापुर में एक युवक की गोली मारकर हत्या, हमलावरों की तलाश

हस्तिनापुर में एक युवक की गोली मारकर हत्या, हमलावरों की तलाश

हस्तिनापुर में एक युवक की गोली मारकर हत्या, हमलावरों की तलाश
Modified Date: September 12, 2026 / 01:02 am IST
Published Date: September 12, 2026 1:02 am IST

मेरठ, 11 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के हस्तिनापुर थानाक्षेत्र में शुक्रवार शाम दो मोटरसाइकिलों पर सवार हमलावरों ने कथित रूप से 24 वर्षीय एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में घटना की वजह युवकों के बीच आपसी विवाद सामने आई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नितिन नागर (24) को गोली लगने की सूचना मिलने पर हस्तिनापुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, बहसूमा थाना क्षेत्र के माखननगर गांव का निवासी नितिन शुक्रवार शाम अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहा था। नितिन दिल्ली पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहा था ।

इलाके के लोगों के अनुसार शाम करीब साढ़े छह बजे दोनों राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवक वहां पहुंचे और नितिन पर गोलीबारी कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों बाइकों पर तीन-तीन युवक सवार थे।

गोली लगने से नितिन सड़क पर गिर गया । वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को हस्तिनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार अधिक रक्तस्राव के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नितिन को कितनी गोलियां लगीं, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।

भाषा सं जफर

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में