कराची (पाकिस्तान), तीन जून (भाषा) पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा शहर में यात्री ट्रेन पर हुए बम हमले के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए कम से कम 17 संदिग्ध आतंकवादियों को मार गिराया है।
क्वेटा के एक रेलवे स्टेशन के पास 24 मई को यात्री ट्रेन पर किए गए आत्मघाती हमले में तीन सुरक्षाकर्मियों समेत कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए थे।
पाकिस्तान सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर के अनुसार, हमले के बाद सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान के कई जिलों में एक साथ अभियान चलाए। मस्तुंग, नुश्की, ज़ेहरी, खुज़दार और केच में चलाए गए इन अभियानों के दौरान आतंकियों के कई ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया गया।
आईएसपीआर ने बताया कि सुरक्षा बलों की ‘फितना-ए-हिंदुस्तान’ संगठन से जुड़े आतंकियों के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें 17 आतंकवादी मारे गए। ये सभी इस क्षेत्र में कई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल थे।
सुरक्षा बलों ने इनके पास से हथियार, गोला-बारूद, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और आईईडी बरामद किए।
आईएसपीआर ने कहा कि अन्य आतंकियों के खिलाफ तलाशी अभियान अब भी जारी है।
भाषा खारी गोला
गोला