कराची, 22 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों द्वारा संचालित किए गए तलाशी अभियान के दौरान 10 आतंकवादी मारे गए और दो महिला आत्मघाती हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया। सेना ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सेना के मीडिया प्रभाग द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, सोराब जिले में सात आतंकवादी मारे गए, जबकि तीन अन्य को मस्तंग जिले में ढेर कर दिया गया।
बयान में यह भी बताया गया कि मस्तंग से दो महिला आत्मघाती हमलावरों और उनके एक मददगार को भी पकड़ा गया है।
पाकिस्तानी सेना ने कहा कि ये सैन्य कार्रवाइयां बलूचिस्तान में ‘फितना अल-ख्वारिज’ के खिलाफ चलाए जा रहे निरंतर अभियान का हिस्सा थीं।
पाकिस्तान सरकार और सेना प्रतिबंधित संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान’ (टीटीपी) के लिए ‘फितना अल-ख्वारिज’ शब्द का इस्तेमाल करती है।
सैनिक बयान के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने दोनों जिलों में गोपनीय जानकारी के आधार पर सटीक कार्रवाइयां कीं।
इस दौरान संदिग्ध आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया और मौके से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद तथा आईईडी बरामद किए गए।
भाषा सुमित नरेश
नरेश