पाकिस्तान में वर्षा जनित घटनाओं में 31 लोगों की मौत, 120 से अधिक घायल हुए

Ads

पाकिस्तान में वर्षा जनित घटनाओं में 31 लोगों की मौत, 120 से अधिक घायल हुए

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 09:07 PM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 09:07 PM IST

(एम जुल्करनैन)

लाहौर/पेशावर, 22 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान में पिछले सप्ताह बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई और 120 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

इस महीने पाकिस्तान में मानसून का जबरदस्त असर नजर आ रहा है। भारी बारिश के कारण पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में अचानक बाढ़ आ गई है जहां छतें और दीवारें ढह गई हैं तथा बिजली का करंट लगने की घटनाएं भी हुई हैं।

पाकिस्तान मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश का अनुमान जताया है, जिसके चलते अधिकारियों ने बचाव दलों को हाई अलर्ट पर रखा है।

प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के अनुसार, इस सप्ताह की शुरुआत में मानसून का नया दौर शुरू होने के बाद से पंजाब में बारिश से जुड़ी घटनाओं में बच्चों समेत कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और 107 लोग घायल हो गए।

पिछले दो दिनों में लाहौर समेत प्रांत के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में शहरी बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई।

पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नदियों, बांधों और बैराजों पर लगातार नज़र रखें तथा मौसमी नालों, नहरों और निचले इलाकों के आसपास सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करें।

प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ के कारण छह बच्चों समेत 14 लोगों की मौत हो गई तथा 19 लोग घायल हो गए।

इस प्रांत में प्रभावित जिलों में पेशावर, नौशेरा, खैबर, मर्दन, बुनेर, बाजौर, शांगला, स्वाबी, निचला और ऊपरी दीर, निचला चित्राल, एबटाबाद, मनसेहरा, तोरघर, कुर्रम और उत्तरी वजीरिस्तान शामिल हैं।

भाषा

राजकुमार देवेंद्र

देवेंद्र